कटक नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति का पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित ![]()
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, कटक द्वारा इसके सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करने के लिए केन्द्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, कटक में पुरस्कार वितरण समारोह का गरिमामय आयोजन 06 अगस्त 2026 को किया गया। आकाशवाणी, कटक के उप महानिदेशक एवं कार्यालय प्रमुख श्री यशोदा नंदन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे। आकाशवाणी कटक के पूर्व सहायक राजभाषा निदेशक श्री सुरेंद्रनाथ सामल विशिष्ट अतिथि थे। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों एवं सदस्य कार्यालयों को कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्य कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन को प्रोत्साहित करना तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार को नई दिशा प्रदान करना था।
मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल देते हुए सभी सदस्य कार्यालयों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर नराकास,कटक की राजभाषा पत्रिका ‘बाराबाटी’ का भी विधिवत विमोचन किया गया। भाकृअनुप-केन्द्रीय चावल अनुसंधान संस्थान के निदेशक एवं अध्यक्ष नराकास ने अपने संबोधन में कहा कि ‘बाराबाटी’ पत्रिका राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार, हिंदी में उत्कृष्ट कार्यों के प्रोत्साहन तथा सदस्य कार्यालयों के मध्य ज्ञान एवं अनुभवों के आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण कवि सम्मेलन रहा, जिसमें विभिन्न सदस्य कार्यालयों से पधारे कवियों एवं प्रतिभागियों ने अपनी स्वरचित कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया। उनकी रचनाओं ने उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया तथा पूरे सभागार को साहित्यिक एवं सांस्कृतिक वातावरण से सराबोर कर दिया। समारोह की सफलता में संस्थान के निदेशक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री वी. गणेश कुमार का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। कार्यक्रम में विभिन्न सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह संदेश दिया कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी कार्यान्वयन केवल प्रशासनिक दायित्व ही नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय प्रतिबद्धता भी है। संपूर्ण कार्यक्रम का संचालन सहायक निदेशक (राजभाषा)श्री देवेंद्र सिंह द्वारा किया गया।
![]() |
![]() |
![]() |
![]() |



