सीआरआरआई, कटक में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक पुरस्कार वितरण कार्यक्रम आयोजित ![]()
नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति, कटक की 61वीं बैठक दिनांक 30 अक्टूबर 2026 को केंद्रीय चावल अनुसंधान संस्थान, कटक में संस्थान के निदेशक डॉ. जी ए के कुमार की अध्यक्षता में हुई। कोलकाता स्थित भारत सरकार के राजभाषा विभाग के पूर्व क्षेत्र के कार्यान्वयन कार्यालय के प्रतिनिधि श्री आमप्रकाश प्रसाद इसके मुख्य अतिथि, बीएसएनएल कार्यालय, कटक के उप महाप्रबंधक श्री सत्यब्रत मिश्र, आकाशवाणी कटक के पूर्व राजभाषा सहायक निदेशक श्री सुरेंद्रनाथ समाल विशिष्ट अतिथि थे। बैठक में केंद्र सरकार के 22 सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। अपने अध्यक्षीय भाषण में सभा को संबोधित करते हुए डॉ. जी ए के कुमार ने सभी सदस्य कार्यालयों में राजभाषा क्रियाकलापों में हो रहे सर्वोत्तम प्रथाओं को एक दूसरे में साझा करने, एकजुटता तथा पारस्परिक संवाद पर सर्वाधिक बल दिया। इससे कटक शहर के केंद्र सरकार के कार्यालयों में राजभाषा हिंदी का मार्ग प्रशस्त होगा।
संस्थान के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री वी गणेश कुमार ने सभाकक्ष में पधारे अतिथिगण एवं प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा नराकास को हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग, समीक्षा और प्रचार-प्रसार के लिए एक समन्वित भूमिका निभाने पर बल दिया। मुख्य अतिथि श्री ओम प्रकाश ने राजभाषा विभाग द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों के साथ चर्चा की। सदस्य कार्यालयों के लिए नराकास स्तर पर आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आंमत्रित प्रतिष्ठित कवियों द्वारा एक कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। संस्थान के राजभाषा सहायक निदेशक श्री देवेन्द्र सिंह ने सभी कार्यक्रमों का समन्वयन किया तथा हिंदी अनुवादक श्री बिभु कल्याण महांती ने मंच संचालन किया।
![]() |
![]() |

